धनबाद(DHANBAD): सांसद ढुलू महतो के प्रतिनिधि सह आउटसोर्स कर्मी रामप्रवेश दास द्वारा एसएनएमएमसीएच की जूनियर महिला चिकित्सक से दुर्व्यवहार किये जाने के विरोध में यहां के चिकित्सक शनिवार को 15 घंटे हड़ताल पर रहे.
देर रात कार्रवाई के आश्वासन पर चिकित्सक काम पर लौटे. सुबह सात बजे हड़ताल पर जाने से ओपीडी सेवा पूरी तरह ठप रही. इसका असर गरीब मरीजों पर हुआ. मरीजों को गेट से ही लौटा दिया गया. आम दिनों में एसएनएमएमसीएच के ओपीडी में 1400 से 1500 मरीजों को चिकित्सकीय सेवा प्रदान की जाती है. हड़ताल की वजह से लगभग एक हजार मरीज बिना इलाज कराये लौट गये. हालांकि, इमरजेंसी में मरीजों को भर्ती लिया गया. यहां भी किसी भी मरीज को ओपीडी सेवा प्रदान नहीं की गयी. हड़ताल समाप्त कराने के लिए दिन में कई बार सांसद समर्थकों और एसएनएमएमसीएच प्रबंधन के बीच वार्ता हुई. लेकिन चिकित्सक सांसद प्रतिनिधि को हटाने की मांग पर अड़े थे. रात 10.30 बजे सांसद समर्थक पुन: अस्पताल पहुंचे. इस दौरान वरीय चिकित्सकों के साथ उनकी वार्ता हुई. आरोपी सांसद प्रतिनिधि रामप्रवेश दास को 10 दिनों के लिए अस्पताल में प्रवेश पर रोक लगाने के साथ कार्रवाई किये जाने के आश्वासन पर चिकित्सकों ने हड़ताल वापस लेने की घोषणा कर दी.
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

