रांची(RANCHI): झारखंड सरकार मतदाताओं के एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) का विरोध करेगी। इसके लिए झारखंड विधानसभा के मॉनसून सत्र में सत्ता पक्ष सदन में प्रस्ताव लाएगा। सदन से प्रस्ताव पास करवाकर केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित सत्ता पक्ष के विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री आवास में महागठबंधन विधायक दल की बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि एसआईआर को लेकर सत्ता पक्ष चार अगस्त को सदन में प्रस्ताव लाएगा। एसआईआर का विरोध और झारखंड में इसे नहीं कराने के लिए प्रस्ताव को सदन से पारित करवाकर केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।
उन्होंने कहा कि एसआईआर सिर्फ राजनीतिक षड्यंत्र है। भाजपा चुनाव आयोग के माध्यम से इसे गैर भाजपा शासित राज्यों पर जानबूझकर थोप रही है। भाजपा के शासनकाल में शासन और नीति से गरीब और कमजोर वर्ग प्रभावित हैं। भाजपा एसआईआर के जरिए गरीब व कमजोर लोगों को मतदान के अवसर से हटाना चाह रही है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि एसआईआर केवल बिहार का विषय नहीं रह गया है, इससे झारखंड, बंगाल एवं विभिन्न राज्यों के वोटरों के मताधिकार छीनने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। वोटरों के अधिकार को कभी छीनने नहीं दिया जाएगा। इसके खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष होगा। पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि आपदा, प्राकृतिक प्रकोप, पेशा नियमावली को लागू करने, जातीय जनगणना जैसे विषयों पर चर्चा हुई। विधानसभा मानसून सत्र के दौरान सत्ता पक्ष के सदस्यों को संगठित, संयमित रहने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है। सत्र की रणनीति बनाते हुए यह कहा गया कि विपक्ष को संतुष्ट करने के लिए तत्परता से जवाब दिया जाए। मक्का-रागी के लिए किसानों को अनुदान राशि देने की तैयारी संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि झारखंड में अतिवृष्टि के कारण भदई फसल को बड़ा नुकसान हुआ है। मक्का-रागी के फसल बर्बाद हुए हैं। वर्षा धान के लिए अच्छा है, लेकिन उसकी फसल दिसंबर में मिलेगी। इससे पहले तीन महीने किसान मक्का और रागी पर निर्भर करते हैं। फसल बर्बाद होने की वजह से किसानों को इसकी भरपायी के लिए अनुदान या क्षतिपूर्ति राशि दी जा सकती है। मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि इस मामले पर विधानसभा में छह अगस्त को विशेष चर्चा होगी। सरकार इस पर अपना पक्ष रखेगी और प्रभावित किसानों के लिए राहत की घोषणा करेगी। झारखंड से जाए एसआईआर विरोध का संदेश : प्रदीप यादव इससे पहले कांग्रेस भवन में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई। विधायक दल के नेता प्रदीप यादव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में चुनाव आयोग की ओर से किये जा रहे एसआईआर का विरोध करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा एसआईआर के जरिए आम लोगों के मतदान के अधिकार को छीनने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस की पूरी कोशिश होगी कि महागठबंधन की ओर से विधानसभा में एसआईआर के विरोध में प्रस्ताव पास कराया जाए। झारखंड से इसका पुरजोर विरोध हो, ताकि पूरे देश में संदेश जाए कि यह आम लोगों के अधिकारों के खिलाफ है। यह संविधान प्रदत्त आम जनता के अधिकारों को कुचलने की कवायद है। मॉनसून सत्र के दौरान विपक्ष की क्या भूमिका होगी यह देखेंगे। सत्र में आने वाले पहले अनुपूरक बजट की तैयारी पर भी चर्चा की गई है। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी डॉ सीरीबेला प्रसाद और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कांग्रेस विधायक दल उप नेता राजेश कच्छप, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक डॉ रामेश्वर उरांव, कुमार जयमंगल, रामचंद्र सिंह, ममता देवी, सोनाराम सिंकू, नमन विक्सल कोंगाड़ी, भूषण बाड़ा, श्वेता सिंह, निशत आलम उपस्थित थे।
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

