उपायुक्त ने इसी महीने नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने का दिया निर्देश
जालसाजों के फोन आने पर स्क्रीनशॉट लेकर 112 अथवा 0326-2311807 पर करें सूचित
धनबाद(DHANBAD): उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत 18 संविदा पदों पर 141 लोगों की होने वाली नियुक्ति प्रक्रिया अप्रैल महीने में पूरी करने का निर्देश दिया है। नियुक्ति के लिए 956 लोगों ने आवेदन दिए हैं। इसको को लेकर उन्होंने उप विकास आयुक्त सन्नी राज, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार प्रसाद, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप, डीएलएओ राम नारायण खालको, डीपीएम प्रतिमा कुमारी के साथ बैठक की।
बैठक में उन्होंने अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता, लिखित परीक्षा, कौशल परीक्षा के आधार पर करने को कहा। उन्होंने कहा कि इस भर्ती का उद्देश्य जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाना है, ताकि आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।
साथ में उपायुक्त ने अभ्यार्थियों से अपील की, कि किसी भी प्रकार की जालसाजी या फर्जीवाड़ा जैसे (पैसे की लेनदेन) आदि के झांसे में नहीं आए। अभ्यर्थियों का चयन पारदर्शी तरीके से किया जाएगा। नियुक्ति के लिए पैसे का लेनदेन आदि किसी भी प्रकार कि सूचना प्राप्त होने पर या किसी जालसाज का फोन आने पर उसका स्क्रीनशॉट और नंबर सहित 112 अथवा 0326-2311807 पर सूचित करें। साथ ही जालसाजों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के फर्जीवाड़े में संलिप्त पाए जाने पर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

