झारखंड(JHARKHAND): रात के सन्नाटे में पहाड़ियों की ओट में छुपे TSPC के खूंखार इनामी नक्सली जीबलाल यादव उर्फ रमेश यादव उर्फ सुभाष यादव को आज पलामू पुलिस ने नावा बाजार के तरवाडीह इलाके में दबोच लिया। पुलिस को यह खबर मिली थी कि TSPC का टॉप कमांडर शशिकांत और उसके साथी इलाके में कोई बड़ा हमला करने की फिराक में थे। पुलिस ने बिना वक्त गंवाये इलाके को घेर लिया। हर कदम फूंक-फूंक कर रखा जा रहा था, क्योंकि दुश्मन परछाइयों में था। एकाएक गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी, जंगल कांप उठा। आखिरकार, जब गोलियां थमीं, तो जीबलाल यादव पुलिस की गिरफ्त में था। उसके पास से बरामद हुई पॉकेट डायरी ने कई राज खोल दिये। ईंट भट्ठों से वसूली जाने वाली लेवी का पूरा हिसाब-किताब इस डायरी में दर्ज था। पुलिस के हाथ वे नाम भी लग गये, जो अब तक अंधेरे में छिपे थे। जीबलाल के पकड़े जाने के साथ ही झारखंड और बिहार पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। 2014-15 में टीएसपीसी में शामिल होने के बाद से ही उसने आतंक का जाल बिछा रखा था। पलामू के मनातू थाना क्षेत्र में 2021 में हुई मुठभेड़ में वह पहले भी गोली खा चुका था, पर बच निकला था। लेकिन इस बार धरा गया। ASP (अभियान) राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में सुभाष पकड़ा गया।
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

