बिहार(BIHAR): PM नरेंद्र मोदी की मधुबनी सभा में ड्यूटी से गायब रहने वाले बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अभिराम कुमार को सरकार ने सस्पेंड कर दिया है। जिलाधिकारी की रिपोर्ट पर सामान्य प्रशासन विभाग ने निलंबन का आदेश जारी किया और उनका मुख्यालय दरभंगा कमिश्नरी बनाया गया। बीते 24 अप्रैल को मधुबनी में PM नरेंद्र मोदी की सभा को लेकर सुरक्षा, व्यवस्था और गरिमा की हर परत सख्ती से बुनी गई थी, हर अफसर अलर्ट था, हर निगाहें चौकस। लेकिन इसी बीच, एक नाम प्रशासनिक रजिस्टर से गुम था, अभिराम कुमार, समस्तीपुर के वरीय उप समाहर्ता। राज्य सरकार ने उन्हें मधुबनी समाहरणालय में 22 से 24 अप्रैल तक विधि-व्यवस्था की ड्यूटी पर तैनात किया था। लेकिन न वो आये, न कोई सूचना, न कोई औपचारिकता। जब डीएम ने 3 मई को पूरी रिपोर्ट पेश की, तो हर पन्ने पर एक ही बात लिखी थी, “ग़ैरहाजिर, अनुशासनहीन, और लापता।” 13 मई को जब शो-कॉज भेजा गया, तो जवाब में वो अफसरियत का तकिया कलाम ले आये, “व्यक्तिगत कारणों से नहीं जा सका…”। इसके बाद एक झटके में उनकी कुर्सी खिसक गई, पहचान बदल गई, अब वे सिर्फ “निलंबित अधिकारी अभिराम कुमार” हैं।
NEWSANP के लिए बिहार से ब्यूरो रिपोर्ट

