धनबाद(DHANBAD): धनबाद के धैया स्थित कार्यालय में रविवार को झारखंड राज्य ऊर्जा मित्र संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में हाल ही में बिजली चोरी रोकने के दौरान विद्युत कर्मियों के साथ हुई मारपीट और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के बयान को लेकर कड़ा विरोध दर्ज किया गया।
संघ के संस्थापक संतोष प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान विद्युत कर्मियों द्वारा अवैध कनेक्शन काटे गए थे, जिसके बाद ग्रामीणों ने बिजली कर्मियों के साथ मारपीट की। घायल कर्मियों का इलाज स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
उन्होंने कहा कि इस मामले में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी द्वारा बिजली विभाग के अधिकारियों के तबादले की बात कहना गलत है। सरकार के निर्देश पर विद्युत कर्मी राजस्व उगाही और बिजली चोरी रोकने का कार्य करते हैं। ऐसे में यदि उनके साथ मारपीट होती है और मंत्री स्तर से ही उनका समर्थन नहीं किया जाता, तो कर्मी अपनी समस्या किसके सामने रखें।
वहीं झारखंड स्टेट इलेक्ट्रिक सप्लाई वर्कर्स यूनियन के क्षेत्रीय सचिव बबन प्रसाद ने कहा कि मंत्री का बयान पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने बताया कि निरसा-1 क्षेत्र के सहराज गांव में छापेमारी के दौरान सुनियोजित तरीके से भीड़ ने विद्युत कर्मियों पर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से हमला किया, सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त किया गया। इस घटना से विद्युत कर्मियों में भय और आक्रोश व्याप्त है। संघ ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

