
दशकों तक सुरक्षित रहेंगे रिकॉर्ड

धनबाद(DHANBAD): उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार तथा अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने आज अनुमंडल कार्यालय (पुराना समाहरणालय भवन) में मॉडर्न रिकॉर्ड रूम के अतिरिक्त कमरे का फीता काटकर उद्घाटन किया।
उद्घाटन करने के बाद उपायुक्त ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा इस भवन के ग्राउंड फ्लोर पर एक बड़े हॉल का जीर्णोद्धार कर मॉडर्न रिकॉर्ड रूम के अतिरिक्त कमरे का निर्माण किया गया है। इसमें जमीन से संबंधित सिविल कोर्ट, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी का कोर्ट, अपर समाहर्ता, अनुमंडल, डीसीएलआर, डीएलएओ कोर्ट के अलावा सभी अंचल के कोर्ट के मामलों के रिकॉर्ड सुरक्षित तरीके से रखे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि पहले कम जगह होने से विभिन्न न्यायालय से संबंधित रिकार्ड रखने में परेशानी होती थी। लेकिन इस नए कमरे में सभी रिकॉर्ड को अच्छे से रखने की व्यवस्था है। यहां स्टेनलेस स्टील के रैक लगाए गए हैं। जिसमें अलग-अलग कोर्ट को अलग-अलग रैक आवंटित किए गए हैं। अब कई दशकों तक यहां रिकॉर्ड सुरक्षित रहेंगे। रिकॉर्ड को खोजने में भी कोई परेशानी नहीं होगी।
उद्घाटन के मौके पर उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, कार्यपालक दंडाधिकारी नारायण राम, नजारत उप समाहर्ता दीपक कुमार दुबे, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह के अलावा रिकॉर्ड रूम के प्रधान सहायक नकुल महतो, महेंद्र कुमार साव, अखिलेश कुमार, पिंकी कुमारी, फरजाना परवीन, भू अर्जन कार्यालय के आनंद कुमार के अलावा अनुमंडल कार्यालय के कर्मी मौजूद थे।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

