उत्कृष्ट विधायक’ राज सिन्हा के सम्मान में पारिवारिक मिलन समारोह का आयोजन…

उत्कृष्ट विधायक’ राज सिन्हा के सम्मान में पारिवारिक मिलन समारोह का आयोजन…

धनबाद(DHANBAD): कोयलांचल की हृदयस्थली धनबाद में रविवार को लुबी सर्कुलर रोड स्थित उत्सव भवन में एक भव्य पारिवारिक मिलन सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम धनबाद के लोकप्रिय विधायक राज सिन्हा को झारखंड विधानसभा द्वारा ‘उत्कृष्ट विधायक सम्मान-2025’ से सम्मानित किए जाने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था।

कार्यक्रम में स्वागतकर्ता के रूप में अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय संरक्षक अमितेश सहाय उपस्थित रहे। अपने संबोधन में विधायक राज सिन्हा ने इस भव्य आयोजन के लिए सभी आयोजकों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें ‘उत्कृष्ट विधायक’ का सम्मान इसलिए मिला, क्योंकि उनके परिवार (कायस्थ परिवार) के लोग उत्कृष्ट हैं। उन्होंने सभी को आश्वस्त किया कि लोगों ने जिन पर विश्वास जताया है, उस पर कभी दाग नहीं लगने देंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की प्रशंसा करते हुए राज सिन्हा ने कहा कि यह कायस्थ परिवार के लिए गर्व की बात है कि नितिन नवीन देश की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। अब वे देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान विधायक राज सिन्हा के क्षेत्र के प्रति समर्पण और विधायकी कार्यों में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की खूब सराहना की गई। अजय नारायण लाल, डीपीएस की प्रिंसिपल डॉ. सरिता सिन्हा, अधिवक्ता जया कुमार, अरविंद सिन्हा तथा डॉ. विपिन सिन्हा ने कहा कि ‘उत्कृष्ट विधायक’ का यह सम्मान न केवल राज सिन्हा जी के लिए, बल्कि पूरे धनबाद जिले के लिए गर्व का विषय है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का माहौल अत्यंत सौहार्दपूर्ण रहा, जहाँ लोगों ने विधायक को पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा माला पहनाकर अपनी शुभकामनाएँ दीं।
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय संरक्षक अमितेश सहाय ने राज सिन्हा को ‘उत्कृष्ट विधायक’ बनाए जाने पर बधाई दी और कहा कि यह हम सबके लिए गर्व की बात है। उन्होंने आगामी नगर निगम चुनाव में बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की। अमितेश सहाय ने कहा कि किसी भी वार्ड से यदि कोई कायस्थ परिवार का सदस्य चुनाव लड़ता है, तो उसे जीत दिलाने का भरपूर प्रयास करें। साथ ही शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करें। मेयर पद के लिए उन्होंने कहा कि कायस्थ समाज ऐसे प्रत्याशी का समर्थन करेगा, जो विकास का स्पष्ट विजन रखता हो। धनबाद का विकास किसके हाथों में सौंपना है, इस पर गंभीर विचार किया जाएगा।
कार्यक्रम का मंच संचालन रवि भूषण श्रीवास्तव ने किया। आयोजन के लिए विधायक राज सिन्हा ने संजय सिन्हा, प्रभात रंजन, नीरज सिन्हा, राजीव रंजन, विकास श्रीवास्तव, विकास सिन्हा एवं अन्य सभी का विशेष आभार व्यक्त किया।

रांची के मोरहाबादी में होगा विशाल आयोजन :
कार्यक्रम के दौरान राज सिन्हा ने बताया कि होली के बाद रांची के मोरहाबादी मैदान में कायस्थों की एक विशाल सभा आयोजित की जाएगी। इसमें सभी राजनीतिक दलों के छोटे-बड़े नेता शामिल होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। झारखंड के हर जिले से हजारों की संख्या में लोग इसमें भाग लेंगे। इस प्रकार राजनीतिक क्षेत्र में हमें अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करानी है।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *