ई-मेल से बम की धमकी के बाद धनबाद कोर्ट में सुरक्षा अलर्ट…

ई-मेल से बम की धमकी के बाद धनबाद कोर्ट में सुरक्षा अलर्ट…

एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में हाई लेवल सर्च ऑपरेशन

डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ता और मेटल डिटेक्टर से चप्पे-चप्पे की हुई जांच

साइबर और टेक्निकल सेल की विशेष टीम मेल भेजने वाले की तलाश में जुटी

जांच के बाद कोर्ट परिसर सैनिटाइज, सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक सशक्त

धनबाद(DHANBAD): धनबाद कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ई-मेल के जरिए भेजी गई धमकी को पुलिस ने बेहद गंभीरता से लिया। सूचना मिलते ही एसएसपी प्रभात कुमार भारी पुलिस बल के साथ तत्काल कोर्ट परिसर पहुंचे और स्थिति की कमान स्वयं संभाली।

धमकी के बाद कोर्ट परिसर की तत्काल घेराबंदी कर दी गई। किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचाव के लिए प्रवेश और निकास द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। कोर्ट रूम, जजों के चैंबर, रिकॉर्ड रूम, लाइब्रेरी, बार एसोसिएशन हॉल, कैंटीन, पार्किंग क्षेत्र, गार्डन और आसपास के खुले स्थानों की बारीकी से तलाशी ली गई।

पूरे परिसर में सर्च ऑपरेशन कई घंटों तक चला। हर संदिग्ध वस्तु की जांच की गई और किसी भी अनजान पैकेट या लावारिस सामान को विशेष सावधानी के साथ चेक किया गया।

जांच के लिए डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता को बुलाया गया। रेलवे सुरक्षा बल के दो स्निफर डॉग और सीआईडी धनबाद की टीम एक स्निफर डॉग के साथ मौके पर पहुंची। तीनों स्निफर डॉग की मदद से कोर्ट परिसर से लेकर जेल गेट तक सघन तलाशी ली गई।

इसके साथ ही हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर और अन्य आधुनिक उपकरणों की सहायता से जांच की गई। पार्किंग में खड़े सभी वाहनों की जांच की गई। कुछ संदिग्ध वाहनों को जब्त कर उनकी भी विशेष जांच की गई। कोर्ट परिसर में प्रवेश करने वाले लोगों से पूछताछ की गई और उनकी तलाशी भी ली गई।

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। हालांकि, ई-मेल के जरिए भेजी गई धमकी की गहन जांच साइबर सेल द्वारा की जा रही है। मेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए साइबर और टेक्निकल सेल की विशेष टीम को लगाया गया है। आईपी एड्रेस, सर्वर डिटेल और डिजिटल ट्रेल की जांच की जा रही है ताकि जल्द से जल्द आरोपी तक पहुंचा जा सके।

जांच पूरी होने के बाद कोर्ट परिसर को पूरी तरह सैनिटाइज किया गया। इसके पश्चात न्यायिक कार्य पुनः सामान्य रूप से शुरू कर दिया गया।

जेल गेट से लेकर पूरे कोर्ट परिसर तक सुरक्षा पहले से ही मजबूत थी, लेकिन धमकी के बाद इसे और अधिक सख्त कर दिया गया है। वॉच टावर से लगातार निगरानी की जा रही है और सभी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है।

इस दौरान एसएसपी प्रभात कुमार के साथ ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, प्रशिक्षु आईपीएस अंकित सिन्हा, जिले के कई डीएसपी और एसडीपीओ समेत बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान मौके पर मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने मिलकर पूरे अभियान की निगरानी की।

पुलिस ने आम नागरिकों और अधिवक्ताओं से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। एसएसपी ने कहा कि सुरक्षा के साथ जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *