धनबाद(DHANBAD): धनबाद एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने आय से अधिक संपत्ति के चर्चित मामले में रिटायर एएसआई लालेश्वर सिंह को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। लालेश्वर सिंह हीरापुर पुलिस लाइन स्थित एक्स कोल बोर्ड कॉलोनी में डीएसपी हाउस के बगल में रहते हैं। एसीबी को उनके खिलाफ गुमनाम शिकायत मिली थी, जिसके बाद जांच शुरू की गई। जांच के आधार पर चार जनवरी 2023 को आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया था। जांच में पाया गया कि उनकी संपत्ति उनकी ज्ञात आय से लगभग 330 प्रतिशत अधिक है।
लालेश्वर सिंह मूल रूप से बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के कृष्णा नगर के निवासी हैं। वे धनबाद रेल पुलिस में एएसआई के पद पर कार्यरत रहे थे और कुछ वर्ष पूर्व सेवानिवृत्त हुए थे। इससे पहले वे जामताड़ा और गोड्डा में सिपाही और एएसआई के रूप में भी तैनात रह चुके हैं। वे पूर्व केंद्रीय मंत्री रीता वर्मा के अंगरक्षक भी रह चुके हैं। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद उन्होंने धनबाद एसीबी कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, जिसे 13 जून 2024 को साक्ष्यों के आधार पर खारिज कर दिया गया था। जमानत याचिका खारिज होने के बाद से एसीबी उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी थी।
बताया जाता है कि धनबाद में एसीबी थाना शुरू होने के बाद यह पहला मामला है, जिसमें एएसआई स्तर के किसी पुलिसकर्मी को आय से अधिक संपत्ति के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इधर, गिरफ्तारी के दौरान लालेश्वर सिंह की तबीयत बिगड़ गई और उनका शुगर लेवल बढ़ गया। इसके बाद कोर्ट के निर्देश पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट
