जामताड़ा(JAMTADA): भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष सुमित शरण की अध्यक्षता में 25 जनवरी को माननीय प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के जामताड़ा आगमन तथा 27 जनवरी को नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की प्रस्तावित जनसभा को लेकर एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक जिम्मेदारियों का स्पष्ट बंटवारा करते हुए दोनों कार्यक्रमों को ऐतिहासिक और भव्य बनाने का संकल्प लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद आदित्य साहू का यह पहला जामताड़ा आगमन है, जिसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। उन्होंने बताया कि नाला विधानसभा क्षेत्र में स्वागत की जिम्मेदारी मनोज गोस्वामी को सौंपी गई है, जिनके साथ पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल एवं भाजपा नेता माधव चंद्र महतो सहयोग करेंगे।
वहीं धुतला मोड़ पर स्वागत कार्यक्रम ठाकुरमनी सिंह के नेतृत्व में होगा, जबकि पसोई मोड़ पर स्वागत की जिम्मेदारी वीरेंद्र मंडल को दी गई है। जिनके साथ जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल रहेंगे।
जिलाध्यक्ष ने आगे बताया कि 27 जनवरी को जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की विशाल सभा आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम की जिम्मेदारी भाजपा नेता तरुण गुप्ता को सौंपी गई है, जिनके साथ पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश राय सक्रिय भूमिका निभाएंगे। बैठक में उपस्थित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में दोनों कार्यक्रमों को अभूतपूर्व सफलता दिलाने का भरोसा जताया।
प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम के प्रभारी वीरेंद्र मंडल ने कहा कि आदित्य साहू के आगमन को लेकर जामताड़ा विधानसभा के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश है। पसोई मोड़ पर पूरे उत्साह और गरिमामय वातावरण में उनका स्वागत किया जाएगा।
वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के कार्यक्रम प्रभारी तरुण गुप्ता ने कहा कि 27 जनवरी की सभा झारखंड की राजनीति में नई ऊर्जा का संचार करेगी और कार्यकर्ता पूरी तैयारी के साथ इसे भव्य बनाएंगे।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री मितेश साह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे, भाजपा नेता माधव चंद्र महतो, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश राय, हरिमोहन मिश्रा, सुनील हांसदा, विनोद मंडल, जामताड़ा नगर पंचायत की पूर्व अध्यक्ष रीना कुमारी, मिहिजाम नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष कमल गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष अभय सिंह, मीडिया प्रभारी आभा आर्या, महेंद्र मंडल, पुष्पा सोरेन, मुरारी भूषण सिंह, किरण बेसरा, मनोज गोस्वामी, सभी मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कर्मठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक का माहौल उत्साह, संगठनात्मक एकजुटता और आगामी कार्यक्रमों को लेकर आत्मविश्वास से भरा रहा—मानो कार्यकर्ताओं की जुबान पर यही गीत गूंज रहा हो, “आज फिर जीने की तमन्ना है…”
NEWSANP के लिए आर पी सिंह की रिपोर्ट

