अयोध्या(AYODHYA):अयोध्या में राम मंदिर के शिखर का निर्माण सोमवार को पूरा हो गया। विधि विधान से पूजन के बाद भूमि की सतह से 161 फिट ऊंचे इस शिखर पर कलश स्थापित कर दिया गया है। सोमवार की सुबह सवा नौ बजे पूजन शुरू होकर करीब 10.30 बजे तक चला। पूजन के बाद क्रेन टावर के सहारे पूजित कलश को शिखर के ऊपर ले जाकर स्थापित किया गया। इसके पहले तीर्थ क्षेत्र के पुरोहित आचार्य दुर्गा प्रसाद गौतम ने कलश का विधि विधान से पूजन कराया।तीर्थ क्षेत्र महासचिव चंपत राय व न्यासी डा अनिल मिश्र एवं मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव ने मिलकर पूजन किया। इस दौरान निर्माण एवं पर्यवेक्षण एजेंसी के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। अब ध्वजा दंड की स्थापना का काम शुरू किया जाएगा। इस दौरान सीबीआर आई के पूर्व चेयरमैन एके मित्तल, मंदिर के आर्किटेक्ट आशीष सोमपुरा व निखिल सोमपुरा, एल एण्डटी के परियोजना निदेशक वीके मेहता, टीईसी के परियोजना निदेशक बीके शुक्ल, जगदीश आफले, जय कानीटकर मौजूद रहे।
NEWSANP के लिए अयोध्या से ब्यूरो रिपोर्ट

