अमेरिका: अवैध प्रवास और संगठित अपराध के खिलाफ अमेरिका ने कड़ा और साफ संदेश दे दिया है। अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) ने 89 भारतीय नागरिकों को ‘Worst of the Worst’ यानी सबसे खतरनाक अपराधियों की सूची में शामिल किया है। यह सूची एक नई सार्वजनिक वेबसाइट पर जारी की गई है, जहां गंभीर अपराधों में दोषी ठहराये गये अवैध प्रवासियों का पूरा ब्योरा उपलब्ध कराया गया है। DHS की इस पहल के तहत वेबसाइट पर अपराधियों के नाम और तस्वीरें, राष्ट्रीयता और अपराध का विवरण है। उन्हें किस इलाके से हटाया गया, इसकी जानकारी सार्वजनिक की गई है। विभाग का कहना है कि इसका मकसद अमेरिकी नागरिकों को यह दिखाना है कि किन आपराधिक अवैध प्रवासियों को गिरफ्तार कर समुदायों से बाहर किया गया है। पुलिस भर्ती अलर्ट
वेबसाइट के शुरुआती संदेश में साफ किया गया है कि इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) सबसे गंभीर अपराधों में शामिल लोगों को पहली प्राथमिकता पर चिन्हित कर रहा है। सूची में शामिल अपराधों में हत्या, यौन अपराध, ड्रग तस्करी, हिंसक वारदातें सबसे ऊपर रखे गये हैं। DHS ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी वेबसाइट की जानकारी साझा करते हुये कहा कि अब आम लोग खुद देख सकते हैं कि किसे पकड़ा गया, किस अपराध में और कहां से हटाया गया। इस सूची में शामिल 89 भारतीय नागरिकों पर यौन अपराध और बलात्कार, ड्रग तस्करी और धोखाधड़ी, चोरी, डकैती, हमला, DUI (नशे में वाहन चलाना), हिट एंड रन, तस्करी, मनी लॉन्ड्रिंग, घरेलू हिंसा, अपहरण और एक हत्या का मामला भी दर्ज हैं। ये सभी ऐसे नाम हैं जिन्हें अमेरिका में गिरफ्तार कर दोषी ठहराया जा चुका है। वेबसाइट में सर्च फिल्टर की सुविधा दी गई है, जिससे नाम, देश, राज्य के आधार पर अपराधियों की जानकारी खोजी जा सकती है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

