जामताड़ा(JAMTADA):प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अनुसूचित जाति समुदाय के लिए चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने हेतु राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज जामताड़ा प्रखंड अंतर्गत नामोपाड़ा के हारीपाड़ा क्षेत्र में एक विशेष जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
महिला, पुरुष, छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर लिया भाग
कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में अनुसूचित जाति समुदाय के महिला, पुरुष एवं छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। उपस्थित लोगों को प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई योजनाओं के उद्देश्य, लाभ और आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया।
योजनाएं जो बदल रही हैं अनुसूचित जाति समाज की तस्वीर
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बताया कि अनुसूचित जाति वर्ग के लिए प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम, अंबेडकर सामाजिक नवाचार योजना, अति पिछड़ा वर्ग छात्रवृत्ति योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, और उज्ज्वला योजना जैसी अनेक योजनाएं लागू की गई हैं। इनका उद्देश्य समाज के कमजोर तबकों को सशक्त बनाना है।
छात्र-छात्राओं को दी गई उच्च शिक्षा योजनाओं की जानकारी
छात्र-छात्राओं को केंद्र सरकार द्वारा संचालित नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप, पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप, और प्रधानमंत्री युवा कौशल विकास योजना जैसी शैक्षणिक व कौशल आधारित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किस प्रकार ये योजनाएं उनकी उच्च शिक्षा और रोजगार के मार्ग को प्रशस्त करती हैं।
स्थानीय स्तर पर सराहना, लोगों ने जताया आभार
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा अनुसूचित जाति समाज के लिए चलाई जा रही योजनाओं की सराहना की और कहा कि उन्हें अब सरकारी योजनाओं की जानकारी सीधे मिल रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ा सकें।
विचार
कार्यक्रम का उद्देश्य सिर्फ योजनाओं की जानकारी देना नहीं था, बल्कि समाज के उस वर्ग को सशक्त बनाना है जो वर्षों से वंचना और उपेक्षा का शिकार रहा है। इस पहल के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि सरकार सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास के सिद्धांत पर कार्य कर रही है।
NEWSANP के लिए जामताड़ा से आर पीआई सिंह की रिपोर्ट

