अखिलेश मिश्रा बने धनबाद रेल मंडल के नए डीआरएम…

अखिलेश मिश्रा बने धनबाद रेल मंडल के नए डीआरएम…

धनबाद(DHANBAD):अखिलेश मिश्रा को धनबाद रेल मंडल का नया मंडल रेल प्रबंधक बनाया गया है। वे डीआरएम कमल किशोर सिन्हा की जगह लेंगे। अखिलेश की प्रतिनियुक्ति फिलहाल फूड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एफसीआई) में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर पर्सनल के रूप में थी। वे 1995 बैच के इंडियन रेलवे सर्विस ऑफ मैकेनिकल इंजीनियरिंग के अधिकारी हैं। 1991 में उन्होंने यूपीएससी की ओर से हुई स्पेशल क्लास रेलवे अप्रेंटिस (एससीआरए) में सफलता पाई थी।

अखिलेश मूलरूप से वेस्टर्न रेलवे कैडर के अधिकारी हैं। एससीआरए के बाद उन्होंने बिहार के जमालपुर में इंडियन रेलवे इंस्टीट्यूट ऑफ मैकेनिकल एंड इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (आईआरआईएमईई) से इंजीनियरिंग (बीई) की डिग्री हासिल की थी। उस दौर में यूनाइटेड किंगडम काउंसिल की ओर से जमालपुर में बीई की डिग्री दी जाती थी। बाद में बीआईटी मेसरा रांची से एससीआरए वालों को बीई की डिग्री दी जाने लगी।

रेलवे में अखिलेश मिश्रा का सफर

पश्चिम रेलवे के रतलाम डिवीजन में एएमई के तौर पर रेलवे में उन्होंने अपनी सेवा की शुरुआत की थी। जमालपुर में अखिलेश मिश्रा का एडब्ल्यूएम के रूप क्रेन मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में काम करने का अनुभव रहा है। लखनऊ रेल मंडल में वे बतौर सीनियर डीएमई कार्य कर चुके हैं। वे अलग-अलग जगहों पर डिप्टी सीएमई भी रहे। अखिलेश आरडीएसओ लखनऊ में डायरेक्टर रिसर्च मैकेनिकल और डायरेक्टर मोटिव पावर भी रहे हैं। इसके अलावा रेलवे बोर्ड में भी उन्होंने डायरेक्टर के रूप में काम किया। एफसीआई से पहले वे आईसीएफ कोच फैक्ट्री कपूरथला में भी डायरेक्टर रहे हैं। पिछले साल फरवरी में उन्हें एफसीआई में प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया था।

पिता थे फौज में, आर्मी स्कूल से हुई शिक्षा-दीक्षा

24 जून 1972 में जन्मे अखिलेश मिश्रा की प्रारंभिक शिक्षा-दीक्षा पश्चिम बंगाल के दार्जीलिंग जिले के कालिंपोंग से हुई है। पिता फौज में अधिकारी थे। बहरहाल पिता की पोस्टिंग के साथ वे देश के कई शहरों के स्कूलों में पढ़े। सिकंदराबाद, पुणे और जयपुर के अलावा दिल्ली के स्कूल में उनकी 12वीं तक की पढ़ाई पूरी हुई। इसके बाद उन्होंने देश की प्रतिष्ठित परीक्षा एससीआरए में सफलता हासिल कर ली। रेलवे बोर्ड ने विशेष अनुभव के लिए अखिलेश मिश्रा को मॉरीशस भी भेजा था।

धनबाद में काम करना बड़ी चुनौती : अखिलेश

हिन्दुस्तान से बातचीत करते हुए अखिलेश मिश्रा ने बताया कि लोडिंग के क्षेत्र में धनबाद डिवीजन देश का शीर्ष डिवीजन है। धनबाद मंडल की अगुवाई करने का मौका किसी चुनौती से कम नहीं है। धनबाद के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को वे आगे भी जारी रखने का हरसंभव प्रयास करेंगे। अखिलेश ने बताया कि जमालपुर में रहते हुए वे धनबाद डिवीजन के बरकाकाना सहित अन्य स्थानों पर कई बार आ चुके हैं। धनबाद उनके लिए नया नहीं है।

NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *