धनबाद(DHANBAD):हिटी निरसा के तेतुलिया डुभी स्थित अंकुर बायोकेम प्राइवेट लिमिटेड के मालिक महेंद्र शर्मा से वासेपुर के कुख्यात प्रिंस खान के मेजर ने रंगदारी मांगी है। महेंद्र से 15 करोड़ रुपए रंगदारी मांगी गई है। रकम नहीं देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इस मामले में निरसा थाना में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मेजर ने वर्चुअल नंबर से महेंद्र को धमकियां दी हैं। बताया जा रहा है कि एक सप्ताह पहले ही मेजर ने प्लांट के मालिक को व्हाट्सएप मैसेज भेजकर रंगदारी मांगी थी। मामले की शिकायत भुक्तभोगी ने निरसा थाना की पुलिस के साथ-साथ पुलिस के वरीय अधिकारियों से भी की थी।
रंगदारी की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस ने महेंद्र शर्मा की सुरक्षा बढ़ा दी है। उनकी फैक्ट्री में भी सुरक्षा जवानों को तैनात किया गया है। अंकुर बायोकेम के मालिक का बंगाल में भी प्लांट है। वह रियल एस्टेट सहित कई व्यवसाय से भी जुड़े हैं। महेंद्र शर्मा ने पश्चिम बंगाल के आसनसोल की पुलिस से भी शिकायत की है। बंगाल पुलिस भी मामले की छानबीन में जुटी है। — मेजर का नाम आने से सतर्क हुई पुलिस महेंद्र शर्मा को धमकी मिलने के मामले से मेजर का नाम जुड़ने से पुलिस सतर्क हो गई है। एहतियात के तौर पर फैक्ट्री के आसपास हर संदिग्ध की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। प्रिंस खान के गुर्गों की सक्रियता भी जांची जा रही है। — महीनों बाद प्रिंस खान का मेजर फिर से चर्चा में प्रिंस खान का मेजर महीनों बाद फिर से चर्चा में है। ऐसे तो मेजर छद्म नाम है और कई बार इस नाम का इस्तेमाल रंगदारी वसूली में किया जाता रहा है। मेजर का नाम आते ही अपराध के तार प्रिंस खान और उसके भाई गोपी खान से जुड़ जाते हैं। राज्य की एजेंसियों के साथ-साथ केंद्र की कई एजेंसियां प्रिंस खान और गोपी खान के साथ उनके शागिर्द सैफ अब्बास नकवी उर्फ सैफी को घेरने में जुटी है। तीनों के दुबई में छिपे होने की बात सामने आती रही है। एजेंसियों का दावा है कि जल्द प्रिंस खान पुलिस के शिकंजे में होगा। — धमकी की सूचना पर शिकायतकर्ता की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। तकनीकी रूप से तथ्यों की जांच हो रही है। मामले में निरसा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस सत्यापन में जुटी है। पुलिस एहतियात बरत रही है।
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

