धनबाद (DHANBAD) धनबाद के 25 डॉक्टरों को धमकी देने के मामले में वासेपुर के कुख्यात प्रिंस खान ने ऑडियो जारी कर अपनी सफाई दी है। वह ऑडियो में कह रहा है कि उसने 25 डॉक्टरों को धमकी नहीं दी है। सिर्फ एक या दो डॉक्टर जो जमीन के मामले से जुड़े हैं, उन्हें ही धमकी दी है। वह ऑडियो में कह रहा है कि उसे बदनाम करने के लिए यह बात फैलाई जा रही है कि उसने डॉक्टरों को धमकी दी है।
जारी ऑडियो में प्रिंस खान कह रहा है कि उसे सोशल मीडिया से जानकारी मिली है कि उसने 25 डॉक्टरों को धमकी दी है। यह बात गलत है। हम डॉक्टर को फोन नहीं करते हैं। आप लोग अपना कारोबार आराम से करिए। हमने चिह्नी में स्पष्ट लिखा है कि मुझे किस-किस से रंगदारी चाहिए। हमें डॉक्टर से कोई मतलब नहीं है। मैंने डॉक्टर को फोन नहीं किया है। मेरा वॉयस सभी जानते हैं।
25 डॉक्टरों को धमकी देने के आरोप पर ऑडियो जारी कर प्रिंस ने दी सफाई कहा-जमीन के मामले से जुड़े सिर्फ एक डॉक्टर को दी है धमकी
तो कौन दे रहा प्रिंस के नाम पर धमकीः
12 दिसंबर को डॉक्टरों से धमकी मामले को गंभीरता से लेते हुए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने धनबाद के कई विधायकों के साथ मुख्यमंत्री हेमंत
सोरेन से मुलाकात की थी। सीएम के आदेश पर डीजीपी से लेकर धनबाद एसएसपी हदीप पी जनार्दनन लगातार टीम बना कर कार्रवाई में जुटे हैं। इसी बीच प्रिंस खान का ऑडियो सामने आया है। अब सवाल उठता है कि यदि प्रिंस ऑडियो में सही बोल रहा है तो रंगदारी मांगने में उसके नाम का इस्तेमाल कौन कर रहा है।
रॉबिन हुड बनने की कोशिश
कुख्यात प्रिंस खान इन दिनों अपनी छवि को लेकर खासा चिंतित है। वह रॉबिन हुड बनना चाह रहा है। यह दूसरा मौका है, जब उसने ऑडियो जारी कर डॉक्टरों को धमकी देने से इंकार किया है। इससे पहले वर्ष 2023 में नया बाजार के एक जांच घर के मालिक को धमकी देने के बाद उसने ऑडियो जारी कर डॉक्टरों के प्रति सम्मान की बातें की थी। एक बार फिर डॉक्टरों को धमकी देने की बात पर उसने सफाई दी। चार दिन पहले महाबोधि मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी में खुद को देशभक्त बताया था।
NEWS ANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट..

