बिहार(BIHAR):हीरो एशिया कप 2025 में शानदार जीत दर्ज करने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को ‘संवाद’ भवन में आयोजित समारोह में सम्मानित किया। इस मौके पर खिलाड़ियों को 10-10 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ को 5-5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
खिलाड़ियों और स्टाफ को मिला बड़ा इनाम
कार्यक्रम के दौरान सीएम नीतीश कुमार ने भारतीय टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह को खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए कुल 2.5 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ समूह तस्वीर भी खिंचवाई।
राजगीर में हुआ था एशिया कप का आयोजन
यह एशिया कप प्रतियोगिता 29 अगस्त से 7 सितंबर तक राजगीर खेल परिसर स्थित राज्य खेल अकादमी-सह-बिहार खेल विश्वविद्यालय के हॉकी स्टेडियम में आयोजित हुई थी। इसमें भारत सहित चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, कजाकिस्तान, चीनी ताइपे और बांग्लादेश की टीमें शामिल हुई थीं। फाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण कोरिया को हराकर खिताब जीता।
खिलाड़ियों ने जताया आभार
कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने सम्मान समारोह में कहा कि बिहार के लोगों में हॉकी के प्रति गजब का जुनून है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खिलाड़ियों को जिस तरह सम्मान और प्रोत्साहन दिया है, उसकी हर जगह चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि बिहार खेल के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और यहां के लोग खिलाड़ियों से विशेष लगाव रखते हैं।
बड़ी हस्तियों की मौजूदगी
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, खेल विभाग के अधिकारी, हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह समेत भारतीय हॉकी टीम के सभी खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ मौजूद थे।
NEWSANP के लिए बिहार से ब्यूरो रिपोर्ट

